तेल अवीव: इजरायल की यशार पार्टी के नेता गादी आइजेनकॉट ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को राष्ट्रीय एकता सरकार पर तुरंत बातचीत के लिए कहा है। उन्होंने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी से कहा है कि अगर वह नई सरकार पर गंभीर हैं तो इसे साबित करें। गादी ने लिकुड नेताओं को बातचीत के लिए 24 घंटे का समय दिया है। नेतन्याहू के रोटेशन व्यवस्था के तहत आइजेनकॉट को पहले प्रधानमंत्री बनाने की पेशकश की गई है। इसी ऑफर के जवाब में आइजेनकॉट की यह टिप्पणी सामने आई है।

नेतन्याहू के यूनिटी सरकार में बाद के दो सालों में पीएम बनने के लिए राजी होने के बाद आइजेनकॉट ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, 'अगर लिकुड सच्ची एकता के लिए तैयार है तो मैं अगले 24 घंटों में उनके इरादों की गंभीरता को परखने के लिए तैयार हूं। मैं नेतन्याहू और उनकी टीम को आज हर्जलिया के डैन अकाडिया होटल में आमंत्रित करता हूं, जहां मैं अपनी बातचीत टीम के साथ रुका हुआ हूं।'

गादी ने कहा कि हम बुनियादी दिशानिर्देशों और नीतिगत मुद्दों पर गंभीर और तेज बातचीत कर सकते हैं। यह बातचीत उस विस्तृत प्रस्ताव पर आधारित होगी, जिस पर नेतन्याहू ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि हम ऐसी सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो इजरायल के सभी नागरिकों का प्रतिनिधित्व करे, जिनमें वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने उन्हें या उनके राजनीतिक सहयोगियों को वोट नहीं दिया था। गादी ने आगे लिखा कि इजरायल को एकता की जरूरत है और इसके लिए वे राजनीतिक कीमत चुकाने को भी तैयार हैं।

गादी ने यह भी दावा किया कि रविवार को प्रधानमंत्री के अनुरोध पर बनाए गए एक गुप्त चैनल के जरिए नेतन्याहू को एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दों को संबोधित किया गया था और कुछ क्षेत्रों में बड़े समझौते करने की बात भी शामिल थी। हालांकि अभी तक इन मुद्दों पर कोई जवाब नहीं मिला है। बता दें कि नेतन्याहू ने शनिवार को राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की अपनी मांग दोहराते हुए पहली बार यह प्रस्ताव रखा था कि सरकार के कार्यकाल की शुरुआत में गादी आइजेनकॉट प्रधानमंत्री बनें, जबकि वे खुद वैकल्पिक प्रधानमंत्री के रूप में काम करें।

इजरायल में 27 अक्टूबर को हुए आम चुनावों में किसी गठबंधन को भी बहुमत नहीं मिल सका है। 120 सदस्यीय संसद में बहुमत के लिए 61 सीटों की जरूरत है। आइजेनकॉट के नेतृत्व वाले गठबंधन को 48 और नेतन्याहू के एलायंस को 53 सीटें मिली हैं। इसके चलते नई सरकार बनाने को लेकर गतिरोध बना हुआ है। फिलहाल दोनों बड़े नेताओं में इस पर चर्चा चल रही है कि एक यूनिटी सरकार बनाई जाए, जिसमें गादी और नेतन्याहू साथ आएं और 2-2 साल के लिए बारी-बारी से प्रधानमंत्री पद संभालें।