प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 23 नवंबर को संयुक्त रूप से जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे। दोनों नेता नई दिल्ली से इस सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र के लोग इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइन्स से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम बागले, भौतिक पूर्वाधार मंत्री सुनील लमशार, प्रधानमंत्री के सलाहकार कुमार बेन और राजनीतिक सलाहकार आसिन साह होंगे। भारत की आधिकारिक यात्रा पर प्रधानमंत्री के साथ करीब 34 सदस्यीय टीम रहेगी। जानकारी के अनुसार, बालेन शाह के साथ नेपाल के 52 व्यापारियों का दल और करीब एक दर्जन मीडियाकर्मी भी नई दिल्ली जाएंगे।
23 नवंबर को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया जाएगा। यात्रा के दौरान बालेन शाह भारतीय व्यापारियों और निवेशकों से संवाद करेंगे तथा उनसे नेपाल में निवेश करने का आग्रह करेंगे। इसी दिन दोनों देशों के प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे।
