रामलला का तिलक चढ़ाने के लिए जनकपुरधाम से तिलकहरुओं का समूह पहली बार ट्रेन से अयोध्या आ रहा है। इससे पहले ये तिलकहरू सड़क मार्ग से अयोध्या पहुंचते थे। शनिवार को सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू होने के बाद तिलकहरुओं को ट्रेन में सवार होते देख जनकपुरवासियों ने खुशी जताई और जयकारे लगाए। ट्रेन में तिलकहरुओं के साथ बड़ी संख्या में ऐसे नेपाली यात्री भी सवार हैं, जो अयोध्या पहुंचकर रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की ओर से गत 23 नवंबर को हरी झंडी दिखाने के बाद शनिवार से सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू हुआ। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। शनिवार को जनकपुर से चली ट्रेन रविवार सुबह सवा आठ बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। ट्रेन में सवार तिलकहरू अयोध्याधाम जंक्शन पर उतरकर कारसेवकपुरम रवाना होंगे। ट्रेन सोमवार को अयोध्या कैंट से शाम 17:50 बजे जनकपुर के लिए प्रस्थान करेगी।

जनकपुर के मेयर मनोज साह ने कहा कि नई ट्रेन से अयोध्या तक का सफर बेहद आरामदायक रहा। दोनों सरकारों की पहल प्रशंसनीय है और यह दोनों देशों के संयुक्त प्रयास से सफल हो पाया है। इससे पारंपरिक रिश्ते और मजबूत होंगे। विहिप नेपाल के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने कहा कि ट्रेन के माध्यम से जनकपुर के ऐसे लोगों को भी पाहुन का दर्शन मिल सकेगा, जो सड़क मार्ग से नहीं आ पाते थे।

विहिप नेपाल के केंद्रीय सदस्य रघुनाथ साह ने बताया कि जनकपुर से दोपहर में ट्रेन रवाना होते समय लोगों में बड़ा उत्साह दिखाई पड़ा। ट्रेन में सवार जनकपुर निवासी यात्री नथुनी साह ने कहा कि नई ट्रेन से यात्रा का अलग अनुभव रहा और वातानुकूलित कोच अच्छे हैं। पहली बार ट्रेन से अयोध्या आने का आनंद सदैव अविस्मरणीय बना रहेगा।