मोदी सरकार संसद में डिलिमिटेशन बिल पेश करने जा रही है। शरद पवार की पार्टी एनसीपी-एसपी और एमके स्टालिन की डीएमके ने इस बिल को समर्थन देने का ऐलान किया है, जिससे सरकार को बिल पास होने का भरोसा है। इस बीच गीतकार जावेद अख्तर ने बिल पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों ने फैमिली प्लानिंग को प्राथमिकता नहीं दी, उन्हें ज्यादा सीटें दी जा रही हैं। अख्तर ने कहा कि वे यह भी देखेंगे कि कौन सा विपक्षी दल इसका समर्थन करता है और कौन इसे रिजेक्ट करता है।

डिलिमिटेशन बिल पर जावेद अख्तर ने कहा, ''पहली बात फाइनल प्लान अभी तक सामने नहीं आया है। इसे कैसे लागू किया जाएगा, क्या नए चुनाव क्षेत्र बनाए जाएंगे, किन क्राइटेरिया पर विचार किया जाएगा और देश को अलग-अलग चुनाव क्षेत्रों में कैसे बांटा जाएगा। दूसरी बात, मुझे यह थोड़ा अजीब लगता है कि जिन इलाकों ने फैमिली प्लानिंग को प्राथमिकता नहीं दी, उन्हें ज्यादा सीटें दी जा रही हैं, जबकि जिन इलाकों ने फैमिली प्लानिंग को अपनाया उन्हें कम सीटें दी जा रही हैं। इससे कोई बैलेंस कैसे बनता है? डिटेल्स आने के बाद हम उन्हें देखेंगे।''

उधर, INDIA अलायंस ने शनिवार को संसद में डिलिमिटेशन से जुड़े महिला कोटा पर संविधान संशोधन बिल का मिलकर विरोध करने का फैसला किया है। विपक्षी दलों ने सरकार के इस कदम को भाजपा-RSS की हमेशा के लिए सत्ता में बने रहने और देश में लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश बताया। विपक्षी पार्टियों के फ्लोर लीडर्स के साथ दो घंटे की मीटिंग के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि डिलिमिटेशन बिल SCs/STs के हितों के खिलाफ है, क्योंकि उन्हें उनकी बढ़ी हुई संख्या के हिसाब से सीटें नहीं मिलेंगी और यह बिल लोकतंत्र खत्म करने का खतरा पैदा करता है।

इस बीच, इंडिया अलायंस को तब बड़ा झटका लगा, जब डीएमके और शरद पवार की पार्टी ने बिल को सपोर्ट करने के संकेत दिए। डीएमके के वरिष्ठ नेता और सांसद ए राजा ने बताया कि यह फैसला पार्टी प्रमुख एम के स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में विचार-विमर्श के बाद लिया गया। स्टालिन ने अपने संबोधन में संकेत दिया कि विधेयक में डीएमके की प्रमुख मांगों को शामिल किया गया है। बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राजा ने कहा, ''हमने सभी राज्यों की मौजूदा स्तर की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान करने के लिए लाए जा रहे प्रस्तावित (विधेयकों) को द्रमुक का समर्थन देने का फैसला किया है।''