बदायूं के 500 साल पुराने ककोड़ा मेले में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मेले की ओर जाने वाले रास्तों पर एक तरफ बैलों के गले में बंधी घंटियों की आवाज के साथ बैलगाड़ियां बढ़ रही हैं, तो दूसरी ओर थार, फॉर्च्यूनर और दूसरी चमचमाती लग्जरी गाड़ियों का काफिला मेले की ओर जा रहा है। साधन अलग हैं, लेकिन मंजिल एक है—गंगा किनारे 500 साल पुराना ककोड़ा मेला और आस्था का वही आकर्षण।

बैलगाड़ियों पर परिवार के साथ पहुंचे बुजुर्गों के लिए यह सफर सिर्फ आवागमन का जरिया नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा है। बैलगाड़ी में सामान लादकर आना, गंगा किनारे डेरा जमाना, वहीं चूल्हा जलाना और कई दिन तक परिवार के साथ रहना उनके लिए मेले की असली खुशी है। कुछ के घरों में आधुनिक वाहन भी हैं, लेकिन ककोड़ा की यात्रा बैलगाड़ी के बिना अधूरी लगती है। यह उनके लिए पुरानी यादों को दोबारा जीने जैसा है।

दूसरी ओर थार और फॉर्च्यूनर जैसी महंगी गाड़ियों से पहुंच रहे परिवार मेले की बदलती तस्वीर दिखा रहे हैं। शहरों के फ्लैट और कालोनियों में सीमित होती जिंदगी से निकलकर गंगा किनारे खुले आसमान के नीचे डेरा डालना उनके लिए अलग अनुभव है। यहां न किसी को गाड़ी की कीमत से मतलब है और न किसी के रहन-सहन से। परिवार के साथ समय बिताना, रिश्तेदारों से मिलना, गंगा स्नान करना और मेले की रौनक में शामिल होना सबकी प्राथमिकता है।

नई पीढ़ी के लिए बैलगाड़ियों की कतार पुराने समय की तस्वीर जैसी है, तो बुजुर्गों के लिए महंगी गाड़ियों का काफिला बदलते जमाने की निशानी। मेले में पहुंचने के बाद दोनों के अनुभव एक जगह आकर मिल जाते हैं। गाड़ी चाहे बैलों से खिंचकर आई हो या इंजन के दम पर, गंगा किनारे डेरा डालने का सुकून और परिवार के साथ बिताए पलों की खुशी एक जैसी है। आधुनिकता ने यहां पहुंचने के साधन बदल दिए, लेकिन सामूहिक जीवन, संस्कृति, संस्कार और आस्था का मेल आज भी बरकरार है। मेले में शिवम ने कहा कि गांव की इस परंपरा को उन्होंने सिर्फ सुना था, यहां एक साथ इतनी बैलगाड़ियां देखकर लगता है कि आधुनिकता के बीच भी हमारी संस्कृति जीवित है। अभिषेक ने भी यही अनुभव साझा किया।