पंजाब में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 10 जिलों में धुंध को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। धुंध का असर सोमवार को भी दिख सकता है, जिसके बाद मौसम सामान्य रहने की संभावना है। वहीं, तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया है।
केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड (CPCB) की ओर से शनिवार को जारी बुलेटिन के अनुसार राज्य में प्रदूषण के स्तर में बड़ा बदलाव नहीं देखा गया। बीते कुछ दिनों से खन्ना की स्थिति बिगड़ी हुई थी, लेकिन पिछले 24 घंटों में यहां प्रदूषण के स्तर में सुधार हुआ है और यह सामान्य स्थिति तक पहुंच गया है। दूसरी ओर, लुधियाना की वायु गुणवत्ता एक बार फिर बिगड़ गई है।
मौसम विभाग चंडीगढ़ के आंकड़ों के मुताबिक पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान पटियाला के केवीके रौणी में 29.2 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ शहर का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है।
प्रमुख शहरों में अमृतसर का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री, लुधियाना में 28.6 डिग्री और पटियाला में 28.8 डिग्री दर्ज किया गया। अन्य जिलों में मोहाली और बठिंडा में 29 डिग्री, फरीदकोट में 28.6 डिग्री तथा बलोवाल सौंखड़ी (एसबीएस नगर) में 28.3 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। गुरदासपुर में 26.5 डिग्री और भाखड़ा बांध क्षेत्र (रूपनगर) में 25.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
