प्रयागराज में गंगा पर बन रहे फाफामऊ सिक्स लेन पुल का नाम विश्व हिंदू परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंहल के नाम पर 'अशोक सिंहल सेतु' रखे जाने की तैयारी है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से यह सुझाव दिया गया है। पुल पर अशोक सिंहल की 14 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। नगर निगम ने इस दिशा में पहल शुरू कर दी है और नामकरण का प्रस्ताव सदन में रखा जाएगा। सदन से संकल्प पारित होने के बाद नामकरण और प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। प्रतिमा शहर की ओर लगेगी या मालक हरहर की ओर, इस पर अंतिम निर्णय पुल पर आवागमन शुरू होने के दौरान लिया जाएगा।
शहर के स्टेनली रोड से मालक हरहर तक करीब 9.8 किलोमीटर लंबे इस सिक्स लेन पुल का निर्माण लगभग पांच वर्षों से चल रहा है। करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल अब अंतिम चरण में है। योजना के अनुसार, 25 से 30 नवंबर के बीच एक लेन पर आवागमन शुरू कराया जाएगा, जबकि दूसरी लेन पर 25 दिसंबर से यातायात चालू करने की तैयारी है। इसी दिन पुल का औपचारिक उद्घाटन भी प्रस्तावित है। लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों कराने की तैयारी शासन और प्रशासन स्तर पर चल रही है।
इस दौरान प्रयागराज की कई बड़ी परियोजनाएं भी जनता को समर्पित की जा सकती हैं, जिनमें करीब 3300 करोड़ रुपये की लागत से बन रही रिंग रोड, गंगा पर निर्माणाधीन दूसरा पुल और लगभग 4500 करोड़ रुपये की लागत वाला राम वनगमन मार्ग शामिल है। इसके अलावा करीब 20 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
सिक्स लेन पुल शुरू होने से प्रयागराज से लखनऊ, अयोध्या, सुलतानपुर, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, फतेहपुर और प्रतापगढ़ की ओर आवागमन अधिक सुगम होगा। खासतौर पर तेलियरगंज और फाफामऊ क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और गंगा के दोनों छोर के बीच संपर्क भी बेहतर होगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी के अनुसार, पुल के नामकरण के संबंध में पीएमओ ने भी सुझाव मांगा है। महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि अशोक सिंहल के नाम पर पुल का नामकरण करने के लिए नगर निगम सदन में संकल्प पारित कराया जाएगा।
