पंचकूला में अपना घर बनाने का सपना देख रहे मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) नई योजना लेकर आ रहा है। पिंजौर-कालका अर्बन कॉम्प्लेक्स के तहत एचएमटी के पास सेक्टर-27 एक्सटेंशन विकसित किया जा रहा है। करीब 95.12 एकड़ में बनने वाले इस सेक्टर में 388 रिहायशी प्लॉट प्रस्तावित हैं। खास बात यह है कि एचएसवीपी पहली बार पांच मरले के प्लॉट भी उपलब्ध कराएगा। पंचकूला और घग्गर पार के विकसित सेक्टरों में अब तक इस आकार के प्लॉट की ऐसी पेशकश नहीं हुई है।
सेक्टर की योजना में चार मरले के 38, पांच मरले के 133, छह मरले के 43, आठ मरले के 44, दस मरले के 70, 14 मरले के 52 और एक कनाल के आठ प्लॉट शामिल हैं। पांच मरले के प्लॉट की संख्या सबसे अधिक है, जिससे बड़े प्लॉट की कीमत के कारण सरकारी आवासीय योजनाओं से दूर रहने वाले परिवारों को भी विकल्प मिलेगा।
एचएसवीपी ने सेक्टर के विकास की दिशा में काम शुरू कर दिया है। सीवरेज, पेयजल और वर्षा जल निकासी पाइपलाइन बिछाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है, जबकि सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी काम चल रहा है। ये काम पूरे होने के बाद प्लॉट की नीलामी का रास्ता साफ होगा। योजना के अनुसार, वर्ष 2027 में एस्टेट ऑफिस पंचकूला की ओर से ई-ऑक्शन कराए जाने की संभावना है। नीलामी की तारीख और रिजर्व प्राइस पर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
सेक्टर माजरी चौक से करीब 12 किलोमीटर दूर होगा। एचएमटी के पास विकसित होने वाले इस क्षेत्र को चंडीगढ़-अंबाला रोड से जोड़ने की योजना है, जिससे पिंजौर, कालका और पंचकूला के अन्य हिस्सों से यहां पहुंचना आसान होगा। शिवालिक की तलहटी और मोरनी की पहाड़ियों के नजदीक होने से क्षेत्र को प्राकृतिक वातावरण का लाभ मिलेगा। सेक्टर को सुनियोजित शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जहां प्राइमरी स्कूल, प्ले ग्राउंड, क्रैच, क्लब और कम्युनिटी सेंटर प्रस्तावित हैं। पार्क, खुले स्थान, चौड़ी सड़कें और पार्किंग भी विकास योजना का हिस्सा होंगे।
