बिहार के सभी मेडिकल कॉलेजों में अब केवल नियमित प्राध्यापक या वरिष्ठ चिकित्सक ही विभागाध्यक्ष बन सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को सभी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। विभागाध्यक्ष के चयन की जिम्मेदारी प्राचार्य को सौंपी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी सह संयुक्त सचिव रेणु कुमारी की ओर से जारी पत्र के अनुसार अब किसी भी विभाग की कमान संविदा या कनीय चिकित्सकों के हाथ में नहीं रहेगी। विभाग ने नेशनल मेडिकल कमीशन के मानकों के आधार पर नियमित प्राध्यापकों और वरीयता क्रम को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है। फिलहाल एसकेएमसीएच के कुछ विभागों में वरीयता क्रम की अनदेखी या तकनीकी कारणों से कनीय चिकित्सक प्रभारी विभागाध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं।
इस आदेश के बाद एसकेएमसीएच के कई विभागों में विभागाध्यक्ष बदले जाने की संभावना है। कॉलेज प्रशासन उन विभागों की सूची तैयार कर रहा है, जहां नए सिरे से प्रभार सौंपा जाना है। स्वास्थ्य विभाग के इस निर्णय का उद्देश्य मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई का स्तर सुधारना और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।
एसकेएमसीएच की प्राचार्य डा. कुमारी विभा ने बताया कि वरिष्ठ चिकित्सकों के विभागाध्यक्ष बनने से प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत होगा और पीजी व यूजी छात्रों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस बाबत आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
