प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच बने सिक्सलेन नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे। वैशाली जिले के दशकों से उपेक्षित राघोपुर दियारा के लिए यह पुल बड़ी राहत लेकर आया है। आजादी के बाद लंबे समय तक यहां आवागमन का सहारा नाव रहा। वर्ष 1997 में पहली बार पीपा पुल बना, लेकिन छह माह ही इसका उपयोग हो पाता था, शेष समय लोगों को नाव से आना-जाना पड़ता था। वर्ष 2015 में राघोपुर में दो और बिदुपुर की ओर से एक समेत तीन पीपा पुल दिए गए।
बिहार में एनडीए की सरकार बनने के बाद पक्के पुल का रास्ता खुला। वर्ष 2012 में पुल के लिए डीपीआर बनी और करीब 3500 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण की मंजूरी दी गई। वर्ष 2015 में काम शुरू हुआ, जिसकी लागत बाद में बढ़कर करीब 5000 करोड़ रुपये हो गई। अब पुल तैयार है और 21 नवंबर को इसका उद्घाटन होगा।
पुल बनने से इलाके में जमीन के दाम में तेज उछाल आया है। राघोपुर के जमालपुर, हेतमपुर, रुस्तमपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में जमीन का रेट पहले 20 हजार से 50 हजार रुपये कट्ठा था, जो अब पांच से सात लाख रुपये कट्ठा हो गया है। प्रखंड के विभिन्न गांवों में जमीन का रेट चार से पांच गुना बढ़ा है। बाजार और मार्केट की जमीन पहले करीब पांच लाख रुपये कट्ठा बिकती थी, जो अब पांच से सात लाख रुपये कट्ठा बिक रही है। वैशाली के अलावा पटना जिले के कई लोग पुल के पास जमीन खरीद रहे हैं।
समाजसेवी शांति यादव ने कहा कि सेतु बनने से जमीन की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है और रोजगार का नया दौर शुरू होगा। यहां नए संस्थान, मान्यता प्राप्त स्कूल-कॉलेज खुलेंगे और व्यापार बढ़ेगा। राघोपुर के गौतम सिंह ने कहा कि नवनिर्मित नीतीश सेतु राघोपुर के भाग्योदय का कारण बनेगा। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार को मजबूत कनेक्टिविटी मिलेगी और राज्य के विभिन्न जिलों का राजधानी से त्वरित जुड़ाव होगा।
