कासगंज के कादरगंज घाट पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ककोड़ा मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने शनिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में स्टीमर और गोताखोर तैनात किए जाएं। घाट पर बैरिकेडिंग कर निशान और बल्लियां लगाई जाएं, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न जा सकें। उन्होंने मेले में प्रशासनिक शिविर लगाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगवाने को भी कहा।
डीएम ने निर्देश दिए कि मेले में दुकानें व्यवस्थित ढंग से लगाई जाएं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला और पुरुष आरक्षियों की तैनाती की जाए। यातायात व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, खोया-पाया एवं पुलिस सूचना केंद्र, पेयजल, अस्थायी शौचालय और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम तथा पूरे मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ककोड़ा मेला उत्तर भारत के प्राचीन और प्रसिद्ध धार्मिक मेलों में शामिल है। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
