कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में हुए दो दिवसीय नेशनल लंग्स कैंसर कॉन्फ्रेंस में देशभर से आए पल्मोनोलॉजिस्ट ने चिंता जताई कि पैसिव स्मोकिंग यानी दूसरों के धूम्रपान के संपर्क में आने से ऐसे लोग भी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, जिन्होंने कभी बीड़ी-सिगरेट नहीं पी। सम्मेलन में बताया गया कि अस्थमा, सीओपीडी, लंग्स कैंसर और सांस की बीमारियों के आधे से ज्यादा मामलों में पैसिव स्मोकिंग का खतरा सामने आ रहा है।

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टीबी एंड रेस्पिरेटरी के डॉ. जेके सैनी ने कहा कि लक्षणों की पहचान में देरी के कारण लंग्स कैंसर से ग्रसित केवल पांच प्रतिशत मरीज ही समय पर इलाज करा पा रहे हैं। 95 प्रतिशत मरीज खांसी, वजन कम होना और बलगम से खून आने जैसी समस्या को सामान्य मानकर झोलाछाप से इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 70 से 80 प्रतिशत लंग्स कैंसर मरीज तीसरे व चौथे स्टेज पर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। हर साल सामने आ रहे 85 हजार मामलों में करीब 50 हजार मौतें बीमारी की अनदेखी के कारण हो रही हैं।

सम्मेलन में यह भी बताया गया कि युवाओं में हुक्का व ई-सिगरेट का शौक तेजी से बढ़ रहा है और 15 से 22 साल के युवा सबसे ज्यादा सांस की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से सामने आ रहे लंग्स कैंसर के 80 प्रतिशत मरीजों की हिस्ट्री में चूल्हे का धुआं व अन्य प्रकार का धुआं कारण बनकर सामने आया है। राष्ट्रीय क्षय रोग संस्थान के डॉ. प्रकाश ने कहा कि टीबी व लंग्स कैंसर के हर दूसरे मरीज में एक से डेढ़ सप्ताह की खांसी मुख्य कारण बन रही है, और ग्रामीण क्षेत्रों में इलाज में लापरवाही व दवा खाने में मनमानी से भी कैंसर का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर स्क्रीनिंग से लंग्स कैंसर के खतरे को 95 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है।

पीजीआई चंडीगढ़ की डॉ. दिव्या ने बताया कि फेफड़ों की गांठ में रेडियोथेरेपी रेडिएशन की हाई डोज कारगर साबित हो रही है और इसकी मदद से अब बिना चीर-फाड़ के गांठ का इलाज किया जा रहा है।