असम के कार्बी आंगलोंग जिले में जिले की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर करीब 15,000 नर्तकों ने सबसे बड़े लोकनृत्य प्रदर्शन का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। अधिकारियों के मुताबिक यह उपलब्धि सोमवार को डिफू के कासा स्टेडियम में हासिल की गई, जहां जिले की विभिन्न जनजातियों और समुदायों के नर्तक पारंपरिक कार्बी लोकनृत्य के जरिए एक साथ आए। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक ने इस उपलब्धि की घोषणा की।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इस रिकॉर्ड पर बधाई देते हुए एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कार्बी आंगलोंग के 75 साल पूरे होने के मौके पर एक विश्व रिकॉर्ड बन रहा है और डिफू में 15,000 नर्तक कार्बी संस्कृति का उत्सव मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह समारोह में शामिल होने के लिए उत्सुक हैं।

कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (केएएसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) तुलीराम रोंगहांग ने कहा कि इस उपलब्धि के साथ इतिहास रचा गया है और कार्बी आंगलोंग ने विश्व मंच पर अपनी छाप छोड़ी है। उन्होंने एक्स पर कहा कि डिफू के कासा स्टेडियम में विभिन्न जनजातियों और समुदायों के 15,000 नर्तक पूरे तालमेल के साथ पारंपरिक कार्बी लोकनृत्य के जरिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए एक साथ आए। यह कार्बी आंगलोंग दिवस के ऐतिहासिक 75वें समारोह का हिस्सा था।