अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सिलिकॉन वैली में स्थित शिव दुर्गा मंदिर में एक बार फिर घुसपैठ और चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर प्रशासन के मुताबिक यह पिछले तीन वर्षों में इस तरह की तीसरी घटना है। सैंटा क्लारा स्थित बे एरिया के इस मंदिर ने श्रद्धालुओं के साथ साझा किए गए एक सार्वजनिक संदेश में बताया कि रविवार तड़के करीब चार बजे (स्थानीय समय) कोई व्यक्ति मंदिर के अंदर घुस आया।
मंदिर प्रशासन स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है और नुकसान का आकलन कर रहा है। मंदिर की ओर से जारी संदेश में यह नहीं बताया गया कि चोरी क्या हुआ या कितना नुकसान पहुंचा। न ही किसी संदिग्ध की पहचान या नुकसान की राशि का खुलासा किया गया है। यह संदेश एक्स पर रितेश टंडन ने साझा किया।
भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन रितेश टंडन कैलिफोर्निया के 17वें कांग्रेसनल जिले से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी। इस जिले का प्रतिनिधित्व रो खन्ना करते हैं। टंडन ने कहा कि हिंदुओं के मंदिरों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है। मंदिर ने जांच और सुरक्षा में मदद के लिए भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना से अपील की है।
शिव दुर्गा मंदिर के अध्यक्ष सुनील खन्ना ने श्रद्धालुओं से शांत रहने और साथ देने की अपील की है। मंदिर की स्थापना सेंटा क्लारा काउंटी के हिंदू परिवारों ने की थी।
