मथुरा में दो दिन तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। करीब एक घंटे चली इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी शामिल हुए। शाह से मुलाकात से पहले आदित्यनाथ ने नितिन नवीन के आवास पर भी उनसे बातचीत की, जिसमें संतोष मौजूद रहे। यह बैठक भी करीब एक घंटे चली।
भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, मथुरा की बैठक मुख्य रूप से चुनाव के मुद्दे तय करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाने की तैयारी पर केंद्रित रही। वहां से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों तक स्पष्ट संदेश देने में सफल रही। सूत्रों के मुताबिक, नितिन नवीन के साथ हुई बैठक में मुख्य रूप से पार्टी की अंदरूनी चर्चाओं पर बातचीत हुई। संगठन में कुछ तार अभी भी ढीले बताए जा रहे हैं और सरकार तथा संगठन के बीच सामंजस्य को और बेहतर करने पर चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में भाजपा उत्तर प्रदेश में चुनावी मोड में दिखनी शुरू हो जाएगी। मथुरा की बैठक के बाद जल्द ही अमित शाह का दौरा शुरू होने वाला है। बताया जा रहा है कि इस महीने शाह दो दिन उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे, जहां अलग-अलग दो संभागों में स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर वे जमीनी हकीकत का आकलन करेंगे और उसके अनुरूप चुनावी रणनीति का मंत्र भी देंगे। इसके बाद दिसंबर के पहले पखवाड़े में बाकी बचे चार संभागों में भी इसी तरह की बैठक होगी। प्रदेश संगठन को शाह के दौरे के लिए तारीखें तय करने को कहा गया है।
भाजपा उत्तर प्रदेश के छह संभागों के लिए अलग-अलग रणनीति पर काम करेगी। इन छह संभागों के लिए दूसरे राज्यों से छह संगठन मंत्रियों की तैनाती का फैसला लिया जा चुका है और उन्हें तत्काल काम संभालने को कहा गया है। पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 20 और अमित शाह की 18 रैलियों की योजना भी बना रही है, हालांकि जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।
