भारत में अवैध रूप से रहने के मामले में सजा पूरी कर चुके 10 बांग्लादेशी नागरिकों को निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि कर्नाटक पुलिस इन लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच पश्चिम बंगाल के मालदा ले गई है, जहां इन्हें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों को सौंपा जाएगा। इसके बाद इन्हें बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय और बेंगलुरु स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के निर्देश पर की जा रही है। इन सभी 10 लोगों को 11 अक्टूबर 2024 को उडुपी जिले में संदिग्ध गतिविधियों के चलते हिरासत में लिया गया था। जांच में उनके पास भारत में रहने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपपत्र दाखिल किया गया था।

दिसंबर 2025 में स्थानीय अदालत ने सभी 10 लोगों को दोषी ठहराते हुए दो-दो साल की जेल और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। अधिकारियों के मुताबिक, इन लोगों ने इस साल 10 अक्टूबर को अपनी सजा पूरी कर ली थी।