शादियों के सीजन में बॉलीवुड के कई गीत गूंजते हैं, जिनमें कुछ डांसिंग ट्रैक बनते हैं तो कई विदाई के भावुक पलों से जुड़े रहते हैं। ऐसा ही एक गीत महान गायक किशोर कुमार ने गाया था, जो उनके निधन के बाद रिलीज हुआ। यह गीत 1989 में आई अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म दाता से जुड़ा है, जिसके बोल हैं- बाबुल का ये घर बहना।
किशोर कुमार का निधन 1987 में हुआ था। उससे पहले उन्होंने फिल्म दाता के इस भावुक विदाई गीत को रिकॉर्ड कर लिया था। उनके देहांत के दो साल बाद जब यह गाना फिल्म के जरिए रिलीज हुआ, तो थिएटर्स में मौजूद लोग गायक की आवाज में इसे सुनकर भावुक हो गए थे।
यह गीत किशोर कुमार ने मशहूर गायिका अलका याग्निक के साथ गाया था। पिछले 37 सालों से यह गाना बहन-बेटी की शादियों में विदाई एंथम के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। शादी वाले घरों में आज भी इसकी गूंज सुनने को मिलती है और यह हर किसी की आंखें नम कर देता है।
बतौर गायक किशोर कुमार ने लता मंगेशकर के साथ हिंदी सिनेमा के कई कालजयी गीतों को गाया था। नई पीढ़ी की गायिका अलका याग्निक के साथ उनके सुरों का यह संगम फिल्म दाता के इस गीत के जरिए सामने आया।
