मधुबनी में किसानों की आय बढ़ाने और खेती में विविधता लाने के लिए उद्यान विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए तीन योजनाओं के तहत 1.04 करोड़ रुपये का लक्ष्य तय किया है। जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 300 एकड़ में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए अब तक 89.01 एकड़ के आवेदन मिल चुके हैं।

एमआईडीएच योजना के तहत 100 हेक्टेयर में टिश्यू कल्चर केला की खेती के लिए 42 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 197 हेक्टेयर में उन्नत सब्जी और मसाला फसलों की खेती होगी, जिसमें 50 हेक्टेयर में टमाटर, 25-25 हेक्टेयर में हल्दी, अदरक, खरीफ प्याज, मिर्च और पत्तागोभी तथा 20 हेक्टेयर में रबी प्याज शामिल है। इसके लिए 53 लाख रुपये का प्रावधान है। साथ ही 50-50 मीट्रिक टन क्षमता वाली दो प्याज भंडारण संरचनाओं के निर्माण पर नौ लाख रुपये खर्च होंगे।

ठाकुर के अनुसार योजनाओं के कार्यादेश जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। किसानों से ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई अपनाने तथा केला, सब्जी और मसाला फसलों की उन्नत खेती के लिए आगे आने की अपील की गई है। उन्हें अनुदान के साथ तकनीकी मार्गदर्शन भी मिलेगा, जिससे कम पानी और कम लागत में अधिक उत्पादन तथा बेहतर आमदनी का रास्ता खुलेगा।