वर्ष 2027 में माघ गुप्त नवरात्रि 7 फरवरी से 16 फरवरी तक मनाई जाएगी। पंचांग के अनुसार, रविवार 7 फरवरी 2027 को प्रतिपदा तिथि पर घटस्थापना के साथ पर्व की शुरुआत होगी और मंगलवार 16 फरवरी 2027 को दशमी तिथि पर हवन, कन्या पूजन व नवरात्रि पारणा के साथ समापन होगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गुप्त नवरात्रि तांत्रिक साधना, मंत्र जाप और आध्यात्मिक उन्नति के लिए अत्यंत फलदायी मानी जाती है। इस दौरान दस महाविद्याओं और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की गुप्त रूप से आराधना की जाती है। साधक संयम, नियम और भक्ति के साथ मां भगवती से सुख-समृद्धि, शांति और शक्ति की कामना करते हैं। साधक काशी ही नहीं, विंध्यवासिनी परिक्षेत्र में भी दर्शन-पूजन और साधना के लिए आते हैं।
नौ दिनों के पूजा क्रम में 7 फरवरी को मां शैलपुत्री, 8 फरवरी को मां ब्रह्मचारिणी, 9 फरवरी को मां चंद्रघंटा, 10 फरवरी को मां कुष्मांडा, 11 फरवरी को मां स्कंदमाता, 12 फरवरी को मां कात्यायनी, 13 फरवरी को मां कालरात्रि, 14 फरवरी को मां महागौरी और 15 फरवरी को मां सिद्धिदात्री की पूजा-आराधना होगी।
धार्मिक मतावलंबियों के अनुसार, गुप्त नवरात्रि के दौरान साधकों को सात्विक जीवनशैली अपनानी चाहिए और मन, वचन व कर्म की शुद्धता बनाए रखनी चाहिए। घटस्थापना के दिन कलश स्थापना कर मां दुर्गा का आह्वान किया जाता है और प्रतिदिन निर्धारित देवी स्वरूप का ध्यान व पाठ किया जाता है। दशमी को पारणा के साथ व्रत और साधना का पूर्ण फल प्राप्त होने की मान्यता है। उल्लेखनीय है कि गुप्त नवरात्रि से पहले जनवरी 2027 में शाकम्भरी नवरात्रि 16 जनवरी से 22 जनवरी 2027 तक मनाई जाएगी।
