मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में लोकसभा सीटों की संख्या 48 से बढ़कर 72 होने की संभावना पर चर्चा तेज है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, 24 नई सीटें जुड़ने से सिर्फ संख्या नहीं बढ़ेगी, बल्कि सत्ता, दलों के संगठन और गठबंधन के पुराने समीकरण भी बदल सकते हैं। मुंबई से लेकर मराठवाड़ा और विदर्भ तक हर क्षेत्र में नए राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार के अनुसार, सीटों की संख्या से ज्यादा अहम परिसीमन की प्रक्रिया होगी। कौन-सा इलाका किस संसदीय क्षेत्र में शामिल होगा और किन क्षेत्रों को काटकर नई सीटें बनाई जाएंगी, इससे तय होगा कि किस दल की जमीन मजबूत होगी और किसकी कमजोर। वहीं, राजनीति के जानकार हरगोविंद विश्वकर्मा का कहना है कि सीटें बढ़ने से सियासी हिस्सेदारी बढ़ेगी, लेकिन इसका सीधा लाभ सत्ता के साथ रहने वाले दलों को मिलने की संभावना अधिक रहती है।

सियासी पंडितों के मुताबिक, बीजेपी, शिंदे सेना और एनसीपी-एपी के पास सत्ता और संगठन दोनों की ताकत है। नई सीटें बढ़ने से सत्ताधारी दलों को नए उम्मीदवार उतारने और गठबंधन में अधिक हिस्सेदारी मांगने का अवसर मिलेगा, जबकि महाविकास आघाड़ी के घटक कांग्रेस और उद्धव सेना के सामने अपने परंपरागत प्रभाव वाले क्षेत्रों को बचाने की चुनौती होगी। मुंबई, ठाणे, कोंकण और मराठवाड़ा में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने से स्थानीय समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। विभाजन के बाद उद्धव ठाकरे के सामने अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की चुनौती होगी, जबकि कांग्रेस को नए क्षेत्रों में संगठन खड़ा करना होगा। विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि सीटें बढ़ने से निश्चित रूप से इन्हें नुकसान होगा। इस पूरे घटनाक्रम में शरद पवार की एनसीपी की भूमिका अहम मानी जा रही है, जिनके लोकसभा में आठ सांसद हैं।

इस प्रस्ताव का एक बड़ा पहलू 33 फीसदी महिला आरक्षण से भी जुड़ा है। नई सीटों के पुनर्गठन और आरक्षण लागू होने से कई मौजूदा सांसदों के चुनावी क्षेत्र बदल सकते हैं, जिससे नए चेहरों और महिला नेतृत्व के लिए रास्ते खुल सकते हैं। राजनीतिक पर्यवेक्षक संदीप सोनवलकर के अनुसार, संविधान संशोधन के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत आवश्यक है। इसलिए महाराष्ट्र के राजनीतिक दलों का रुख केवल प्रस्ताव के समर्थन या विरोध तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके पीछे 2029 और उसके आगे की चुनावी राजनीति का पूरा हिसाब-किताब काम करेगा।