डाक विभाग ने मीरजापुर मंडल के चिह्नित डाकघरों में आधार पंजीकरण और संशोधन की सेवाएं सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। मीरजापुर मंडल के डाक अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में मीरजापुर एवं राबर्ट्सगंज प्रधान डाकघरों के साथ चुनार, दुद्धी और रेणुकूट उपडाकघरों को इस सुविधा के लिए चिह्नित किया गया है। इन केंद्रों पर सातों दिन आधार पंजीकरण और आवश्यक संशोधन की सेवाएं मिलेंगी।
अब तक आधार संबंधी काम के लिए लोगों को कार्यदिवस और समय का ध्यान रखना पड़ता था। विशेषकर नौकरीपेशा लोगों और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को छुट्टी लेकर आधार केंद्र पहुंचना पड़ता था। कई बार भीड़ या समयाभाव के कारण बिना काम कराए लौटना भी पड़ता था।
सातों दिन सेवा उपलब्ध होने से नौकरीपेशा, विद्यार्थियों, महिलाओं और ग्रामीण नागरिकों को राहत मिलेगी। अब नागरिक नए आधार पंजीकरण अथवा उसमें आवश्यक संशोधन के लिए अपने नजदीकी डाकघर स्थित आधार केंद्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
