महान कप्तानों में गिने जाने वाले एमएस धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास का ऐलान कर दिया है। अब वह चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर की जिम्मेदारी संभालेंगे। पांच बार की विजेता फ्रेंचाइजी ने सोमवार को एक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। धोनी ने साल 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन आईपीएल खेलते रहे। पिछले सीजन वह चोट के कारण पूरा सीजन नहीं खेल पाए थे।

धोनी आईपीएल की शुरुआत यानी साल 2008 से ही चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े रहे और उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार खिताब जीता। चेन्नई ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में धोनी की कप्तानी में खिताब पर कब्जा किया था। साल 2015 और 2016 में चेन्नई पर बैन लगा था। 2019 तक धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने हर सीजन प्लेऑफ में जगह बनाई थी। वह आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं।

सीएसके ने अपनी पोस्ट में लिखा कि धोनी शुरुआत से टीम के सफर का हिस्सा रहे हैं। टीम को जीत दिलाने से लेकर सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने तक, वह हमेशा टीम के साथ रहे हैं और चेन्नई हमेशा उनका घर रहेगा। चेन्नई की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने एक वीडियो में बताया कि धोनी ने 14 तारीख को ही उन्हें बता दिया था कि वह इस सीजन आईपीएल नहीं खेलेंगे और उनका नाम रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची में डाल देने को कहा था।

धोनी ने इस बार भी वही किया जिसके लिए वे जाने जाते हैं, बिना किसी शोर-शराबे के विदा ली। इंटरनेशनल क्रिकेट से भी उन्होंने चुपचाप संन्यास लिया था और उन्होंने कभी अपना विदाई मैच नहीं खेला। इसके साथ ही खिलाड़ी के तौर पर धोनी और आईपीएल का 18 साल का साथ खत्म हो गया है। अब वह चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर के तौर पर नई पीढ़ी को तैयार करेंगे।