महेंद्र सिंह धोनी ने लीग क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। अब वह मेंटॉर की नई भूमिका में होंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से उन्होंने छह साल पहले ही संन्यास ले लिया था, लेकिन इसके बाद भी वह आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते रहे। पिछले कुछ वर्षों में फैंस आईपीएल में सीएसके के मैच की आखिरी कुछ गेंदों का इंतजार करते थे, और धोनी के संन्यास के साथ इंतजार की वह वजह खत्म हो गई है।

बतौर बल्लेबाज धोनी की भूमिका तीन-चार साल से सीमित होती गई थी। 2024 और 2025 के सीजन में उन्होंने कुल मिलाकर केवल 218 गेंदों का सामना किया और इस साल तो वह खेले ही नहीं। रिटायरमेंट के सवाल तभी से उठ रहे थे, लेकिन उनके फैंस को हमेशा यही लगा कि वह फिर आएंगे। दो गेंदों के लिए ही सही, पर उनके आने से जैसे सीएसके की पारी पूरी हो जाती हो। खेल किसी खिलाड़ी के लिए नहीं रुकता, धोनी शायद अपवाद रहे।

धोनी का आकलन केवल आंकड़ों के आधार पर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कितने रन बनाए, कैच लपके या स्टंप किए, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण है उनकी बनाई विरासत। बतौर खिलाड़ी और बतौर कप्तान उन्होंने वह सब हासिल किया, जिसकी तमन्ना कोई अपना खेल करियर शुरू करते समय करता है। तमाम ट्रॉफी और खिताबों से ज्यादा कीमती है वह भरोसा, जो उन्होंने कमाया।

धोनी से फैंस को जो उम्मीद थी, वह इसलिए बनी कि वह उस पर बार-बार खरे उतरे। उन्होंने बताया कि वापसी कहीं से भी हो सकती है, अगर हार न मानी जाए। अलग-अलग परिस्थितियों में और प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ उन्होंने इतनी बार ऐसा किया कि कहा गया वह किस्मत के धनी हैं जो दांव लगाते हैं, चल जाता है। लेकिन, इस किस्मत के पीछे है मेहनत और खेल की समझ। वह 45 से ज्यादा के हो चले हैं। अब भी प्रशंसकों के लिए उनके बिना सीएसके टीम की कल्पना करना मुश्किल है। धोनी ने यह भी सिखाया है कि हर फैसला टीम को ध्यान में रखकर लिया जाना चाहिए और मैदान पर परिस्थितियों के अनुसार भूमिका बदलनी पड़ती है। अब उसी बदलाव का वक्त है।