आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2027 से पहले अपनी टीम में बड़े बदलाव किए हैं। फ्रेंचाइजी ने तेज गेंदबाजी विभाग में सबसे अधिक फेरबदल किया है। दिग्गज पेसर मोहम्मद शमी को राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड किया गया है, जबकि आवेश खान को रिलीज कर दिया गया है। मयंक यादव और प्रिंस यादव को टीम के साथ बरकरार रखा गया है।

इससे पहले नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी ने कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड किया था, जहां से कुलदीप यादव लखनऊ का हिस्सा बने। रिटेंशन लिस्ट जारी होने से ठीक पहले एलएसजी ने मोहम्मद शमी और एम. सिद्धार्थ को ट्रेड किया, जबकि राजस्थान रॉयल्स से ऑलराउंडर सैम करन लखनऊ में शामिल हुए हैं।

फ्रेंचाइजी ने चोट के कारण पिछला सीजन नहीं खेल पाने वाले वानिंदु हसरंगा को भी रिलीज कर दिया है। लखनऊ ने 2022 और 2023 में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था, लेकिन उसके बाद कभी टॉप-4 में जगह नहीं बना पाई।

रिलीज किए गए खिलाड़ियों में आवेश खान, मैथ्यू ब्रीट्जके, वानिंदु हसरंगा, जॉर्ज लिंडे, एनरिक नॉर्ट्जे, नमन तिवारी और हिम्मत सिंह शामिल हैं। आईपीएल 2027 की नीलामी में लखनऊ के पास 47.45 करोड़ रुपये की सबसे बड़ी पर्स रहेगी। टीम के पास कुल सात स्लॉट बचे हैं, जिनमें तीन विदेशी खिलाड़ी भी शामिल किए जा सकते हैं।