चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी का मंगलवार को आईपीएल में खिलाड़ी के रूप में सफर खत्म हो गया। इसके बाद उनकी पत्नी साक्षी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। साक्षी ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि कुछ चैप्टर्स का खत्म होना जरूरी होता है ताकि खूबसूरत नए चैप्टर्स की शुरुआत हो सके। उन्होंने उन सभी लोगों को तहे दिल से धन्यवाद कहा, जिन्होंने इतने सालों में धोनी को प्यार दिया, उनका साथ दिया और उन पर भरोसा किया। साक्षी ने कहा कि वे इस प्यार के लिए हमेशा आभारी रहेंगी। उन्होंने पोस्ट में धोनी को संबोधित करते हुए लिखा, "तुम पर बहुत गर्व है माही। हमेशा।"

धोनी साल 2008 में सीएसके से जुड़े थे और उन्होंने चेन्नई के लिए कुल 17 सीजन खेले। इस दौरान उन्होंने चेन्नई को 5 बार (2010, 2011, 2018, 2021, 2023) आईपीएल ट्रॉफी जिताई। धोनी ने अपने करियर में कुल 278 मैच खेले और 38.30 के औसत से 5439 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट लगभग 138 का रहा और उनके बल्ले से 24 अर्धशतक निकले।

धोनी की कप्तानी में सीएसके ने कुल 10 बार आईपीएल फाइनल खेला और 12 बार प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया। अब उन्होंने बतौर प्लेयर आईपीएल छोड़ दिया है और अगले सीजन से टीम में मेंटर की भूमिका निभाएंगे। नए रोल में वे वही छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे, जो उन्होंने कप्तान के तौर पर छोड़ी।