मुजफ्फरनगर में 2013 के सांप्रदायिक दंगे के दौरान डकैती और आगजनी से जुड़े एक मामले में अदालत ने सोमवार को 15 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार फुगाना थाना क्षेत्र के गांव फुगाना निवासी सलीम पुत्र समतुल्लाह ने मुकदमा दर्ज कराया था कि आठ सितंबर 2013 की रात उनके घर पर हिंदू पक्ष के लोगों ने धार्मिक नारेबाजी करते हुए हमला किया। आरोप था कि हमलावरों ने धारदार हथियारों के साथ मकान में लूटपाट की और आगजनी कर फरार हो गए, जिसमें वह और उनके स्वजन घायल हुए। इस मामले में 27 लोगों को नामजद और दर्जनों अज्ञात लोगों के विरुद्ध धार्मिक उन्माद भड़काने और लूटपाट के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिनमें 15 के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की गई थी। अभियोजन पक्ष के अनुसार एक आरोपी राजकुमार की सुनवाई के दौरान मौत हो चुकी है।
मामले की सुनवाई लगभग 13 साल तक चली। अभियोजन पक्ष ने वादी सलीम, उनके दो भाइयों और अरविंद समेत पांच गवाह पेश किए, लेकिन बचाव पक्ष के अधिवक्ता राहुल चौधरी के अनुसार सभी गवाह अपने बयान से मुकर गए। वादी सलीम और उनके दोनों भाइयों ने अदालत में गवाही दी कि उन्होंने घटना होते नहीं देखी और वे आठ सितंबर 2013 से पहले ही अपना गांव छोड़ चुके थे। गवाह अरविंद ने भी घटना के बारे में इनकार कर दिया।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता सौराज सिंह और राहुल चौधरी ने बताया कि गवाहों के पक्षद्रोही होने और साक्ष्य के अभाव में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय, फास्ट ट्रैक कोर्ट-प्रथम के न्यायाधीश ने सोमवार को गौरव वर्मा, सुमित, अजीत, गौरव पुत्र अमर पाल, नितिन, योगेश, पुष्पेंद्र, मोन्टी, विकास, योगेश, विनोद, पंकज शर्मा और जितेंद्र पुत्र वीर सिंह को दोषमुक्त करने का निर्णय सुनाया। एक अन्य आरोपी राकी के विरुद्ध इसी मामले से संबंधित दो अलग पत्रावलियों पर आईपीसी की धारा 153ए के तहत सुनवाई हुई, जिसमें उसे भी साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 27 अगस्त 2013 को जानसठ के गांव कवाल में शाहनवाज की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने मलिकपुरा निवासी सचिन और गौरव की घेरकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद जिले में सांप्रदायिक दंगा भड़क उठा था। सात सितंबर 2013 को जानसठ के नंगला मंदौड़ के मैदान में शोकसभा और बेटी बचाओ पंचायत के बाद लौट रहे लोगों पर विभिन्न स्थानों पर हमले किए गए थे।
