नेटफ्लिक्स पर 20 नवंबर को रिलीज हुई कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'ढिंढोरा 2' रिलीज के तीन दिन के अंदर प्लेटफॉर्म पर नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है। यह सीरीज यूट्यूबर और एक्टर भुवन बाम स्टारर है, जिसका पहला सीजन 2021 में आया था और दर्शक इसके दूसरे सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
सीरीज में कुल 8 एपिसोड हैं, जिनमें से हर एपिसोड औसतन 30-35 मिनट का है। भुवन बाम ने इसमें 9 अलग-अलग किरदार निभाए हैं और इस बार कहानी के केंद्र में टीटू मामा का किरदार है।
'ढिंढोरा' सीजन 2 की कहानी टीटू मामा (भुवन बाम) और उनकी पत्नी कविता (संजीदा शेख) के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों कविता के पिता (कवलजीत सिंह) के साथ सुलह के लिए उनके गांव लौटते हैं। इस दौरान उन्हें 11 करोड़ रुपये के बड़े आर्थिक नुकसान और सीजन 1 की लॉटरी वाली कहानी के नतीजों का भी सामना करना पड़ता है। कविता के पुराने प्रेमी और टीटू के दोस्त से दुश्मन बने विषधर के आने से मुश्किलें और बढ़ जाती हैं, जिसके चलते कई अहम टकराव होते हैं।
सीरीज में भुवन बाम, संजीदा शेख, कंवलजीत सिंह और हेमंत पांडे जैसे कलाकारों ने अहम किरदार निभाए हैं। इस सीजन को स्नेहा शेट्टी कोहली ने निर्देशित किया है।
