हिंदी सिनेमा के दिग्गज प्लेबैक सिंगर मन्ना डे को आज भी उनके बेहतरीन गीतों के लिए याद किया जाता है। उनका जन्म 1 मई 1919 को कोलकाता में हुआ था और उनका असली नाम प्रबोध चंद्र डे था। परिवार में उन्हें प्यार से मन्ना कहा जाता था, इसी वजह से वे मन्ना डे के नाम से मशहूर हुए। उनके पिता चाहते थे कि वे वकालत करें, लेकिन कॉलेज के दिनों में पहलवानी और बॉक्सिंग में चैंपियन रहे मन्ना डे का रास्ता संगीत की ओर मुड़ गया।

कोलकाता से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा लेने के बाद मन्ना डे 1942 में अपने चाचा के साथ मुंबई आ गए। बतौर गायक उन्हें पहला ब्रेक 1943 में आई फिल्म तमन्ना के गाने जागो आई उष पंछी बोले जागो से मिला। 1950 में फिल्म मशाल के गाने ऊपर गगन विशाल से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली, और अमर भूपाली के गानों ने उनकी पहचान को और मजबूत किया।

अपने करियर में मन्ना डे ने 16 भाषाओं में चार हजार से अधिक गानों को अपनी आवाज दी। उनके यादगार गीतों में प्यार हुआ इकरार हुआ, ऐ मेरी जोहरा जबीं, एक चतुर नार करके श्रृंगार, कसमें वादे प्यार वफा, ए भाई जरा देखकर चलो, जिंदगी कैसी है ये पहेली, ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे और यारी है इमान मेरा जैसे गाने शामिल हैं। हालांकि, मोहम्मद रफी, मुकेश और किशोर कुमार जैसे गायकों के मुकाबले उन्हें वैसा सम्मान नहीं मिला।

गायकी में सफलता के लिए मन्ना डे को कई पुरस्कारों से नवाजा गया। उन्हें 1969 और 1971 में बेस्ट प्लेबैक सिंगर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। इसके अलावा उन्हें 1971 में पद्म श्री, 2005 में पद्म भूषण और 2007 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।