वाराणसी के नमोघाट पर रविवार को गंगा महोत्सव की तीसरी संध्या लोक संगीत और भक्ति के रंग में रंगी रही। मुक्ताकाशीय मंच पर लोक गायिका कल्पना पटवारी ने छठ गीत 'दर्शन मांगी ला...' से शाम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने शिवाष्टकम 'प्रभु प्राणनाथं, शम्भू विश्वनाथम..' प्रस्तुत किया। कबीर के निर्गुण 'कबीरा खड़ा बाजार में मांगे सबकी खैर...' और पारंपरिक पूर्वी व कजरी गीतों के साथ ही उन्होंने अपने चर्चित गीत 'ए गणेश के पापा' और 'झुमका झुलनिया हां हंसुली नथुनिया...' सुनाए। अंत में 'बम बम बोल रहा है काशी...' से वातावरण शिवमय हो गया।
आगरा से आईं तृप्ति नागर और उनके छह सदस्यीय समूह ने ब्रज के लोकनृत्य और संगीत की प्रस्तुति दी। उन्होंने 'मेरे भोले का जयकारा गली-गली' और 'निर्मल-निर्मल नीरपाणी, मारी गंगा में महाराणी' पर नृत्य किया। गोरखपुर से आए वनटांगिया समुदाय के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीता। सुगम सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में पायल, रिद्धिमा, रिंकी और ललिता ने भोजपुरी और राजस्थानी लोकनृत्य का संगम पेश किया।
कार्यक्रम में लोक गायिका रंजना राय ने 'कइसे शिव के मनाइब, शिव मानत नाहीं' और 'पटना से बैदा बुलाइदा दा, नजरा गईली...' सुनाकर वाहवाही लूटी। गणेश पाठक, सरिता सेठ, डा. जान्हवी पांडेय, स्नेहा अवस्थी और अंशुमान महाराज (काशी रस वाद्य वृंद) सहित कुल 17 कलाकारों की प्रस्तुतियों ने तीसरी संध्या को यादगार बना दिया।
