भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री काजल राघवानी की नई फिल्म 'वीरांगना' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस फिल्म में काजल लीड रोल में हैं और एक साहसी महिला की कहानी पर्दे पर ला रही हैं। ट्रेलर में समाज में महिलाओं की स्थिति और उनके प्रति दोहरे चरित्र को उजागर किया गया है।

फिल्म की कहानी रिया और उसकी मां की दुखद परिस्थितियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें पारिवारिक संघर्ष और विश्वासघात के दृश्य दिखाए गए हैं। ट्रेलर में काजल राघवानी और फिल्म के हीरो के बीच प्रेम और भावनात्मक जुड़ाव भी दिखाया गया है। साथ ही पारिवारिक विवाद, बदले की भावना और न्याय के लिए लड़ाई की झलक मिलती है। फिल्म में काजल राघवानी के अलावा कुंदन भारद्वाज, प्रशांत सिंह राजपूत और अन्य कलाकार भी हैं।

भोजपुरी फिल्म 'वीरांगना' यशी फिल्म्स के बैनर तले बनाई गई है। फिल्म के निर्माता मनीष कुमार हैं और निर्देशन राजेश कुमार ने किया है। फिल्म का संगीत और संवाद कहानी की गंभीरता को और प्रभावी बनाते हैं। यह फिल्म महिला सशक्तिकरण का संदेश एक 'वीरांगना' के रूप में पेश करने की कोशिश करती है।

काजल राघवानी की भोजपुरी फिल्मों में 'पटना से पाकिस्तान', 'भोजपुरिया राजा', 'दीवानापन', 'संघर्ष', 'मुकद्दर', 'प्रतिज्ञा 2', 'दबंग आशिक' और 'मजाज: ऐ गम-ए-दिल क्या करूं' शामिल हैं।