गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग डेस्टिनेशन्स पर विशेष पैनल डिस्कशन हुआ। ‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर हुए इस सत्र में राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित कर रही है। नीति के तहत पात्रता और निर्धारित शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया से फिल्मकारों को सुविधा दी जा रही है।

चौहान ने कहा कि मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं। नीति का प्रमुख आधार 3T यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी है, जिससे स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर मिल रहे हैं।

सत्र में अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी भी शामिल हुए। आरुषि निशंक ने उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उदाहरण दिया, जिसे जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था। राम रेड्डी ने राज्य में अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए उत्तराखंड को अपना दूसरा घर बताया। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया। सत्र में फिल्म निर्माण से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने तथा होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र को प्रोत्साहन मिलने पर जोर दिया गया।