रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद अभिनेता राकेश बेदी को एक बार फिर लोकप्रियता मिल रही है। फिल्म में उनके किरदार 'जमील जमाली' को दर्शकों ने खूब पसंद किया और सोशल मीडिया पर उसके मीम्स भी वायरल हुए। अभिनेता का कहना है कि ऐसा पहली बार नहीं है जब उनके काम को इतना शानदार रिस्पॉन्स मिला हो।
गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में राकेश बेदी ने प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरी के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया। 'धुरंधर' को 'इंडियन पैनोरमा' सेक्शन की ओपनिंग फिल्म के तौर पर दिखाया गया था। इसी दौरान उन्होंने अपनी 1981 की फिल्म 'एक दूजे के लिए' की सफलता को याद किया और कहा कि वह फिल्म 'धुरंधर' से भी बड़ी हिट थी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की वजह से 'धुरंधर' भी बड़ी फिल्म बन गई है, लेकिन 'एक दूजे के लिए' को सोशल मीडिया के बिना ही बड़ी सफलता मिली थी।
राकेश बेदी ने बताया कि 'एक दूजे के लिए' में उन्होंने एक मजाकिया किस्म के विलेन का रोल निभाया था, जिसकी हरकतों की वजह से मुख्य किरदारों की मौत हो जाती है। उनके मुताबिक, कुछ दर्शक उनके किरदार से इतने नाराज हुए कि उन्हें पत्रों के जरिए जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। उन्होंने इसे हंसी-मजाक के अंदाज में याद करते हुए कहा कि उस समय फोन नहीं होते थे, इसलिए पत्र आते थे जिनमें लिखा होता था कि तुम्हारी वजह से ये लोग मर गए।
1981 में रिलीज हुई 'एक दूजे के लिए' का निर्देशन के. बालचंदर ने किया था। कमल हासन और रति अग्निहोत्री अभिनीत यह फिल्म वासु और सपना की कहानी है, जो अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से हैं और अपने परिवारों के विरोध के बावजूद एक-दूसरे से प्यार करने लगते हैं। फिल्म व्यावसायिक रूप से बेहद सफल रही और इसमें राकेश बेदी का 'चक्रम' किरदार भी यादगार रहा।
