मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान ने हाल ही में एक बातचीत में बताया कि उन्होंने 1953 की फिल्म 'आगोश' में महज 5 साल की उम्र में लता मंगेशकर के गाने पर डांस किया था। अभिनेत्री किरण जुनेजा के साथ बातचीत में सरोज खान ने कहा कि उन्होंने कभी डांस की पारंपरिक या प्रोफेशनल ट्रेनिंग नहीं ली। उन्होंने मैडम साधना को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ही उन्हें सही रास्ता दिखाया, जबकि पी.एल. संतोषी ने उन्हें कंपोजिशन और फिल्म निर्माण में इसके महत्व को समझने में मदद की।

सरोज खान ने कहा, 'मैं कभी झूठ नहीं बोलूंगी। मैंने कभी किसी से डांस नहीं सीखा। मेरा कोई गुरु नहीं है। मेरी गुरु मेरी परछाईं है, जिसने मुझे रास्ता दिखाया।' उन्होंने बताया कि मैडम साधना अब हमारे बीच नहीं हैं और उन्हें कंपोजिशन के बारे में राजकुमार संतोषी के पिता पी.एल. संतोषी ने सिखाया।

इस दौरान सरोज खान ने 'आगोश' से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि फिल्म में उन्हें राधा बनाया गया था और बेबी नाज को कृष्ण बनाया गया था। सरोज खान ने कहा, 'मेरी कॉस्ट्यूम अच्छी नहीं थी, इसलिए मैं रोने लगी। मुझे याद है कि मैं रोते हुए वह डांस कर रही थी, क्योंकि मेरी कॉस्ट्यूम अच्छी नहीं थी। लेकिन हमने वह गाना किया।'

फिल्म में इस गाने का नाम 'बांसुरिया काहे बजाई' है, जिसे लता मंगेशकर और सुधा मल्होत्रा ने गाया है। इसका संगीत रोशन ने दिया है और बोल शैलेंद्र ने लिखे हैं।