नोएडा की पहली एलिवेटेड रोड पर बार-बार गड्ढा बनने की वजह शुरुआती तकनीकी जांच में सामने आई है। एमपी-टू मार्ग पर सेक्टर 27-28 से सेक्टर 60-61 तक बनी इस सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में बेयरिंग कमजोर पाई गई है। पर्याप्त भार न संभाल पाने से एक सेगमेंट पर दबाव पड़ा और उसमें दरारें आ गईं। इसका असर करीब 11 मीटर लंबे हिस्से पर हुआ, जिसकी ऊपरी सतह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में बदल गई।

सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन में सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर के सामने 18 अक्टूबर को पहली बार गड्ढा हुआ था। मरम्मत के बाद 20 अक्टूबर को उसी जगह फिर गड्ढा बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर 21 अक्टूबर को लेन पर यातायात बंद कर दिया गया। यह लेन 26 दिन से बंद है, जिससे नीचे की सड़क पर दबाव बढ़ा है।

एमपी-टू एलिवेटेड रोड प्रीकास्ट तकनीक से बनी है, जिसमें पहले से तैयार कंक्रीट के हिस्सों को मौके पर जोड़कर लगाया जाता है। सेगमेंट और गर्डर के बीच तकनीकी कनेक्शन होने से किसी हिस्से को बदलते समय आसपास के स्ट्रक्चर का ध्यान रखना पड़ता है। अब नोएडा प्राधिकरण ने केवल गड्ढे की मरम्मत के बजाय पूरा क्षतिग्रस्त सेगमेंट बदलने का फैसला किया है। पुराने हिस्से को हटाकर नया सेगमेंट लगाया जाएगा। मरम्मत का काम शुरू हो गया है और लक्ष्य इसे 10 दिसंबर तक पूरा करना है।

एलिवेटेड रोड के सेगमेंट के बीच लगी बेयरिंग ऊपर से आने वाले भार को सहारा देती हैं और तापमान बदलने पर पुल के फैलने-सिकुड़ने पर नियंत्रित हलचल की गुंजाइश देती हैं। बेयरिंग कमजोर होने या ठीक से काम न करने पर संबंधित हिस्से में भार का संतुलन बिगड़ सकता है। आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की देखरेख में हो रही मरम्मत में विशेषज्ञों की सलाह पर पूरा सेगमेंट बदला जा रहा है। एलिवेटेड रोड के अन्य सेगमेंट की भी जांच कराई जा रही है, ताकि दूसरी जगह ऐसी तकनीकी खामी का पता लगाकर पूरी सड़क की मजबूती का आकलन किया जा सके। यह जानकारी नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने दी।