राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के विद्यार्थियों ने राजधानी दिल्ली में दो नाटकों का मंचन किया, जिनमें भारतीय मीडिया के बदलते स्वरूप और रियलिटी शो की टीआरपी से जुड़ी सच्चाई को विषय बनाया गया। निखिल मेहता के निर्देशन में प्रस्तुत नाटक 'ऑन एयर' ने भारतीय मीडिया की यात्रा को दिलचस्प ढंग से दिखाया। इसकी कहानी 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान गुप्त रेडियो प्रसारण से शुरू होकर आकाशवाणी, दूरदर्शन, निजी समाचार चैनलों और सोशल मीडिया तक पहुंचती है। अलग-अलग दौर के कलाकारों, समाचार प्रसारकों और आम परिवारों की कहानियों के जरिये यह दिखाया गया कि मीडिया के बदलते स्वरूप ने समाज और लोगों की सोच को किस तरह प्रभावित किया।

दूसरी प्रस्तुति 'सत्य लाइव' का निर्देशन अमितेश ग्रोवर ने किया। इस नाटक ने रियलिटी शो की दुनिया के पीछे छिपे खेल को सामने रखा। नाटक का मुख्य पात्र सत्य अपनी सामान्य जिंदगी जी रहा है, लेकिन उसे यह पता नहीं कि उसका परिवार, दोस्त और करीबी सभी अभिनय कर रहे हैं। उसकी हर गतिविधि कैमरे में कैद होती है और उसकी जिंदगी की पटकथा टीआरपी के लिए लिखी जा रही है। जब सत्य को इस सच्चाई का एहसास होता है, तो रिश्तों पर भरोसे से लेकर अपनी आजादी तक हर चीज सवालों के घेरे में आ जाती है।

एनएसडी परिसर में मंचित दोनों प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ एक गंभीर सवाल भी छोड़ा कि मीडिया की दुनिया में खबर, मनोरंजन और निजी जिंदगी के बीच की सीमा आखिर कहां खत्म होती है।