संसद के शीतकालीन सत्र से पहले परिसीमन के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस की अगुवाई वाला इंडिया गठबंधन खुद को एकजुट रखने की कोशिश कर रहा है, जबकि केंद्र सरकार विधेयक को पारित कराने के लिए हर संभव प्रयास कर सकती है। शीतकालीन सत्र जल्द बुलाए जाने की संभावना है, जिसमें महिला आरक्षण को लागू करने से जुड़े प्रस्तावित संवैधानिक संशोधन पर विचार हो सकता है। इस संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है।

कांग्रेस रणनीतिकारों के अनुसार, इंडिया गठबंधन अपने पुराने रुख पर कायम है। गठबंधन का कहना है कि लोकसभा की 543 सीटें अगले 25 सालों तक सीमित रहें और इसी आधार पर 2029 के चुनाव में 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू हो। रणनीतिकारों के मुताबिक आम आदमी पार्टी और डीएमके भी इस पर सहमत हैं, इसलिए सरकार के लिए यह विधेयक पारित कराना मुश्किल होगा। इसी साल 16 अप्रैल को विपक्ष के विरोध के चलते सरकार यह विधेयक पारित नहीं करा सकी थी।

विपक्ष की नाराजगी सिर्फ सीटों में इजाफे से दक्षिण और छोटे राज्यों को होने वाले नुकसान को लेकर नहीं है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल परिसीमन आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सदस्य के तौर पर नामित किए जाने से भी सहमत नहीं हैं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर ज्ञानेश कुमार विपक्ष के निशाने पर हैं। विपक्ष जहां सार्वजनिक तौर पर उनके खिलाफ निशाना साध रहा है, वहीं संसद और अदालत में भी कानूनी लड़ाई लड़ रहा है।

दूसरी ओर, सरकार महिला आरक्षण कानून लागू करने के मकसद से संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए विशेष या विस्तारित सत्र बुलाने की संभावना पर विचार कर रही है, लेकिन बैठक की तारीख और अवधि की घोषणा नहीं हुई है। दक्षिणी राज्यों की चिंता दूर करने के लिए सरकार हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के विकल्प पर विचार कर रही है। विचाराधीन विकल्पों में 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखना भी शामिल है, हालांकि इस पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत यानी 361 वोटों की जरूरत है। तीन सीटें खाली होने के कारण अभी सदन में 540 सदस्य हैं। NDA के पास 320 सांसद हैं और जरूरी आंकड़ा पार करने के लिए उसे कुछ विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। सरकार के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पिछले गुरुवार को भरोसा जताया कि विधेयक 15 से 18 मतों के अंतर से पारित हो जाएगा।