ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई केंद्रीय मंत्री भारत आ रहा है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार को दिल्ली में शुरू हो रहे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेंगे। वे पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पुराना किला में इस फोरम का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यह आयोजन 20 से 22 नवंबर तक चलेगा और इसे संस्कृति मंत्रालय तथा विदेश मंत्रालय मिलकर कर रहे हैं।
भारत ने इस फोरम के लिए 25 देशों को निमंत्रण भेजा था, जिनमें से 15 देशों ने भागीदारी की पुष्टि की है। फोरम का उद्देश्य सदस्य देशों की साझा सभ्यता और संस्कृति को सामने लाना तथा उनके बीच आपसी संवाद बढ़ाना है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 13 नवंबर को बताया था कि निमंत्रण पाने वाले देशों में चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं।
भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को फोरम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था, लेकिन पाकिस्तान ने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित किया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, उसका प्रतिनिधिमंडल फोरम के अलग-अलग विषयों पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेगा और SCO के अन्य सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से अलग बातचीत भी करेगा। मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी, जब वे SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे।
फोरम के दौरान पुराना किला में 'अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस' नाम से प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक अवशेषों, कलाकृतियों और वास्तुशिल्प के जरिए दिखाया जाएगा। ASI के संग्रहालय निदेशक वसंत स्वर्णकार के मुताबिक, पुराना किला में करीब 3,000 साल तक लगातार आबादी रहने के प्रमाण मिले हैं और खुदाई में प्री-मौर्य, महाजनपद, मौर्य, शुंग, कुषाण, गुप्तोत्तर, राजपूत, सल्तनत और मुगल काल से जुड़े अवशेष मिले हैं। यहां 'अनंत: ए रेयर 18th सेंचुरी महाभारत स्क्रॉल' नाम का विशेष पवेलियन भी बनाया जाएगा। SCO फोरम और सुरक्षा व्यवस्था के चलते पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।
