संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले में ट्रायल कोर्ट एक दिसंबर को आरोप तय करने पर अपना फैसला सुना सकती है। यह जानकारी दिल्ली पुलिस ने आरोपी मनोरंजन डी की जमानत याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट को दी है। मामले में अगली सुनवाई 22 नवंबर को होनी है।
न्यायमूर्ति प्रतिबा एम सिंह और न्यायमूर्ति दिनेश भट की पीठ ने जमानत याचिका पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) लगाया है। ट्रायल कोर्ट ने मनोरंजन को जमानत देने से इनकार करते हुए उसकी याचिका खारिज की थी। 13 नवंबर को पटियाला हाउस की विशेष अदालत ने मनोरंजन और सागर शर्मा की नियमित जमानत याचिकाएं खारिज की थीं।
अभियोजन के अनुसार दोनों आरोपियों ने लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से सदन में छलांग लगाई थी और स्प्रे कंटेनर से धुआं छोड़ा था, जिससे कार्यवाही बाधित हुई और अफरा-तफरी मच गई थी। इसी समय संसद परिसर के बाहर दो अन्य आरोपियों नीलम आजाद और महेश कुमावत ने भी ऐसा ही प्रदर्शन किया था। दोनों को जुलाई 2025 में हाई कोर्ट ने जमानत दे दी थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कई बैठकें कीं, संसद की रेकी की, स्मोक कंटेनर जुटाए और स्पोर्ट्स शूज खरीदे थे। जांच एजेंसी ने तर्क दिया था कि आरोपियों ने 2001 के संसद हमले की बरसी के दिन संसद में दहशत जैसा माहौल बनाने और कामकाज में बाधा डालने की योजना बनाई थी।
