पटना हाईकोर्ट ने बिहार में सरकारी टेंडरों में कथित हेराफेरी और करोड़ों रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और विशेष निगरानी इकाई (SVU) की जांच पर जवाब मांगा है। न्यायाधीश सत्यव्रत वर्मा की एकलपीठ ने ऋषु श्री की याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले की अगली सुनवाई चार दिसंबर, 2026 को निर्धारित की है। कोर्ट ने ED के संयुक्त निदेशक और SVU के अपर पुलिस महानिदेशक को अगली सुनवाई में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
सुनवाई के दौरान SVU ने हलफनामा दाखिल कर अब तक जुटाए गए साक्ष्यों, जांच की प्रगति और आरोपितों की भूमिका का ब्योरा दिया। SVU ने इन तथ्यों के आधार पर याचिकाकर्ता की जमानत का विरोध किया है। फिलहाल याचिकाकर्ता न्यायिक हिरासत में है।
इससे पहले 15 अक्टूबर, 2026 की सुनवाई में हाईकोर्ट ने जांच की धीमी गति और बड़े अधिकारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई थी। इसके बाद ED ने आईएएस अधिकारियों आनंद किशोर, अभिलाषा शर्मा, सुनील कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, संतोष कुमार भल्ला और योगेश्वर सागर से पूछताछ की।
कोर्ट ने पहले टिप्पणी की थी कि ऐसा प्रतीत होता है कि मामले में कुछ बड़े अधिकारियों को बचाने और कुछ लोगों को जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है, जबकि कानून की नजर में सभी बराबर हैं। कोर्ट ने यह भी कहा था कि ED भले ही याचिकाकर्ता को कथित घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग का मुख्य सूत्रधार बता रहा हो, लेकिन उपलब्ध तथ्यों से वह महज एक ‘मोहरा’ प्रतीत होता है और असली मास्टरमाइंड पर्दे के पीछे छिपे हो सकते हैं।
कोर्ट की चिंता इस बात को लेकर भी है कि ED ने छह वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के खिलाफ विश्वसनीय सूचनाएं साझा की थीं, लेकिन अब तक केवल मुमुक्षु चौधरी, तरणी दास और उमेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हाईकोर्ट ने SVU के अपर पुलिस महानिदेशक को पक्षकार बनाने का निर्देश देते हुए यह स्पष्ट करने को कहा था कि पीएमएलए की धारा 66 के तहत साझा की गई सूचनाओं में संजीव हंस के अलावा अन्य सरकारी अधिकारियों के नाम भी थे या नहीं, और यदि थे तो SVU के एसपी कांड संख्या 05/2025 में उनके नाम शामिल क्यों नहीं किए गए। कोर्ट ने यह भी जानना चाहा था कि ED ने अन्य अधिकारियों के नाम प्राथमिकी में शामिल नहीं किए जाने पर SVU के समक्ष कोई आपत्ति दर्ज कराई थी या नहीं।
