मोबाइल फोन में स्टोरेज भर जाने पर परफॉर्मेंस पर असर पड़ता है। फोटो, वीडियो, एप्स और दूसरी फाइलें जमा होने से इंटरनल स्टोरेज धीरे-धीरे भर जाती है और कई बार फोन धीमा होने लगता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या ज्यादा स्टोरेज खाली रखने से फोन की स्पीड बढ़ जाती है। इसका जवाब हां है, लेकिन इसके पीछे कुछ तकनीकी कारण हैं।
दरअसल, स्मार्टफोन को एप्स चलाने, टेम्पररी फाइलें बनाने, अपडेट इंस्टॉल करने और डेटा सेव करने के लिए खाली स्टोरेज की जरूरत पड़ती है। जब इंटरनल स्टोरेज लगभग फुल हो जाती है, तो इन कामों के लिए जगह नहीं मिलती। इसकी वजह से एप्स की परफॉर्मेंस स्लो पड़ जाती है, एप्स खुलने में टाइम ले सकते हैं और फोन में हैंग या लैग की समस्या भी आ सकती है।
मोबाइल की परफॉर्मेंस बेहतर बनाए रखने के लिए कोशिश करें कि इंटरनल स्टोरेज का कम से कम 10 से 20 परसेंट खाली रहे। उदाहरण के लिए, अगर किसी फोन में 128GB स्टोरेज है, तो करीब 13GB से 26GB जगह खाली रहना बेहतर रहेगा। हालांकि यह कोई तय नियम नहीं है और फोन के मॉडल, ऑपरेटिंग सिस्टम और यूज के आधार पर जरूरत अलग-अलग हो सकती है।
इस बात का ध्यान रखें कि ज्यादा स्टोरेज खाली रखने का मतलब यह नहीं है कि मोबाइल की स्पीड कई गुना तेज हो जाएगी, लेकिन पर्याप्त खाली जगह रहने से फोन को नॉर्मल काम करने और अपडेट इंस्टॉल करने में आसानी होगी।
