शहरों में बढ़ते ट्रैफिक के बीच मैनुअल गियरबॉक्स वाली कार चलाना आसान नहीं है। पीक आवर्स में बार-बार ब्रेक लगाने और गाड़ी रोकने-बढ़ाने की जरूरत पड़ती है। इस दौरान कई ड्राइवर अनजाने में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनका असर कार के क्लच पर पड़ता है। गलत तरीके से क्लच इस्तेमाल करने पर घर्षण बढ़ता है और क्लच प्लेट समय से पहले घिस सकती है। ऐसे में रोजाना ट्रैफिक में कार चलाने वालों को इन 7 गलतियों से बचना चाहिए।
ट्रैफिक में धीरे-धीरे कार आगे बढ़ाने के लिए कई ड्राइवर लगातार हाफ क्लच का इस्तेमाल करते हैं, यानी क्लच पेडल को पूरी तरह छोड़ने के बजाय आधा दबाकर रखते हैं। इससे क्लच प्लेट पर घर्षण बढ़ता है और उसके जल्दी घिसने की आशंका रहती है। क्लच का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार करें, गियर बदलते समय इसे पूरा दबाएं और गियर बदलने के बाद धीरे-धीरे पूरी तरह छोड़ दें। कई लोग कार चलाते समय बायां पैर क्लच पेडल पर टिकाकर रखते हैं, जो सही आदत नहीं है। गियर बदलने के बाद पैर क्लच पेडल से हटा लें।
लाल बत्ती या जाम में रुकने के दौरान कई ड्राइवर कार को पहले गियर में रखकर लगातार क्लच दबाए रखते हैं। लंबे समय तक ऐसा करना क्लच के लिए अनावश्यक है। सिग्नल पर रुकते समय कार को न्यूट्रल गियर में कर दें और क्लच पेडल से पैर हटा लें। कार आगे बढ़ाते समय सही गियर का चुनाव करना जरूरी है। जल्दबाजी में गलत गियर में कार आगे बढ़ाने की कोशिश से बचें और हमेशा पहले गियर से ही कार आगे बढ़ाएं। ट्रैफिक में कम स्पीड पर ऊंचे गियर में कार चलाने से भी बचना चाहिए और स्पीड के हिसाब से समय पर गियर बदलें।
कई ड्राइवर क्लच छोड़ने के साथ जरूरत से ज्यादा एक्सीलेरेटर दे देते हैं, खासकर ट्रैफिक में जल्दी आगे निकलने की कोशिश में। इस आदत से बचें और क्लच छोड़ने के साथ जरूरत के अनुसार ही एक्सीलेरेटर दें। कार के क्लच में सही फ्री-प्ले होना जरूरी है, इसे कंपनी के मैन्युअल में दिए निर्देशों के अनुसार रखें। फ्री-प्ले बिल्कुल न होने पर क्लच स्लिप हो सकती है और प्लेट जल्दी खराब होने का खतरा रहता है। साथ ही कार का सही इंजन ऑयल भी कंपनी के निर्देशों के अनुसार समय पर बदलवाते रहें, क्योंकि नियमित रखरखाव से कार बेहतर स्थिति में रहती है।
