प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के मौके पर लिखे ब्लॉग में कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी विरोध पक्ष से ज्यादा अवरोध पक्ष बनती जा रही है। मोदी ने आरोप लगाया कि पांच दशक तक देश पर शासन करने वालों ने संविधान को कमजोर किया और सत्ता की लालच में कई बार इसका दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि संविधान उनके और करोड़ों भारतीयों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है और इसकी ताकत से एक सामान्य परिवार में जन्मा व्यक्ति भी देश के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है।
प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत के करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, मुद्रा और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं को सामाजिक और आर्थिक न्याय से जोड़ा। उनके मुताबिक डिजिटल टेक्नोलॉजी, रूपे कार्ड और UPI तक आम लोगों की पहुंच ने समावेशिता को बढ़ावा दिया है। उन्होंने 101वें संविधान संशोधन से GST लागू होने का रास्ता खुलने, 102वें संशोधन से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिलने और 103वें संशोधन से EWS वर्ग को 10% आरक्षण मिलने का जिक्र किया। साथ ही कहा कि संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है और भारतीय न्याय संहिता के जरिए आपराधिक न्याय व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
मोदी ने 1951 के पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संशोधन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इनसे नागरिकों की स्वतंत्रता और न्यायिक समीक्षा की शक्ति प्रभावित हुई। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल किया। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35-A का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इनके कारण वहां लंबे समय तक पूरा संविधान लागू नहीं हो पाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के कारण आदिवासी क्षेत्रों में गरीब लोगों को संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा गया और नक्सलवाद के खात्मे को अपनी सरकार की उपलब्धि बताया। उन्होंने विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पर OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देने की कोशिश का आरोप लगाया और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक के पारित नहीं होने पर भी विपक्ष की आलोचना की। मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच और ‘कर्तव्य भाव’ अपनाना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियां निभाने की अपील की।
