ट्रेन में टिकट बुक कराना और कंफर्म बर्थ मिलना आम बात है, लेकिन एक यात्री के साथ इससे उलटा अनुभव सामने आया है। ईशान बाजपेयी नाम के यात्री ने वाराणसी सिटी से गोरखपुर की यात्रा के लिए गाड़ी संख्या 15132, बीसीवाई एनपीआर एक्सप्रेस में टिकट बुक कराया था। उनके टिकट पर एसी 2-टियर के A1 कोच में साइड अपर बर्थ, सीट नंबर 54 कंफर्म दर्ज था। लेकिन जब वे कोच में पहुंचे, तो देखा कि वहां कुल 52 बर्थ ही हैं और उनके नंबर की सीट मौजूद नहीं है।
यात्री के मुताबिक यह दिक्कत उनके सामने रात करीब पौने 11 बजे आई। उन्होंने कोच के अंदर का वीडियो रिकॉर्ड करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रेल मंत्रालय और 'रेलवे सेवा' को टैग करते हुए पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने बताया कि टिकट की स्थिति CNF/A1/54/SU दिखा रही थी, यानी कोच A1 में बर्थ नंबर 54 कंफर्म है, जबकि कोच में ऐसी कोई सीट नहीं थी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि देर रात बिना कंफर्म सीट के सफर करना बेहद निराशाजनक है। उनका कहना है कि उन्होंने पहले ही रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद 'रेलवे सेवा' ने पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए माफी मांगी। रेलवे के अनुसार शिकायत को जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। साथ ही जल्द से जल्द सहायता के लिए 'रेल मदद' पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने का सुझाव दिया गया है।
रेलवे ने माफी मांग ली है, लेकिन सवाल अब भी बना हुआ है कि 52 बर्थ वाले कोच में यात्री को 54 नंबर की बर्थ कैसे आवंटित हो गई।
