नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा है कि संसद और विधानसभाओं में नारी शक्ति की उचित भागीदारी सुनिश्चित करने के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा।
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश जारी करते हुए पीएम मोदी ने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण का वादा पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि वे देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी नहीं रोक पाएंगी।
वीडियो साझा करते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने अपनी 'नारी शक्ति' से एक वादा किया था और वे उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई कई दशकों से चल रही है और वह खुद भी वर्षों से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं।
पीएम मोदी ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं उनसे मिलती रही हैं और पत्रों के माध्यम से भी अपनी बातें रखती रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार का हौसला बुलंद, हिम्मत अटूट और इरादा अडिग है, और इसके लिए सिर्फ वक्त का इंतजार है। उनके इस वीडियो संदेश को महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराने और इस विषय पर अपना रुख स्पष्ट करने के तौर पर देखा जा रहा है।
