प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है और महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को हटाया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास को नहीं रोक पाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं लंबे समय से उनसे यह मुद्दा उठाती रही हैं और कई बहनों ने पत्र लिखकर अपनी बात रखी है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब केंद्र सरकार महिला आरक्षण कानून को लागू करने और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर संसद में नए सिरे से आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि महिलाओं को संसद और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए संसद ने सितंबर 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था, लेकिन कानून में आरक्षण को अगली जनगणना के आंकड़ों और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ा गया था। अप्रैल 2026 में संसद के विशेष सत्र के दौरान संविधान संशोधन से जुड़े प्रस्ताव लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सके थे।
27 नवंबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संविधान संशोधन से जुड़े नए प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक और विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 तक करने का प्रावधान बताया गया है। सरकार का लक्ष्य महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने का बताया जा रहा है।
