एक्टर प्रकाश राज ने डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से परिसीमन बिल को समर्थन देने के फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है। एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए स्टालिन को इस बिल के समर्थन पर फिर से सोचना चाहिए। उन्होंने बीजेपी के समर्थन वाले इस प्रस्ताव को बेहद खतरनाक बताया और सवाल उठाया कि जिस पार्टी ने पहले परिसीमन को लेकर गंभीर चिंताएं जताई थीं, वह अब इसका समर्थन कैसे कर रही है। प्रकाश राज ने डीएमके के फैसले को स्वार्थ से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया कि इससे जनता के साथ धोखा हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम पार्टी के संघवाद की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों के खिलाफ है और डीएमके नेतृत्व को अपने पुराने रुख को ध्यान में रखते हुए जल्दबाजी में कोई ऐसा फैसला नहीं करना चाहिए जिससे लोगों के हित प्रभावित हों।
प्रकाश राज की यह अपील ऐसे समय आई है जब डीएमके ने संसद के सोमवार को होने वाले सत्र से पहले परिसीमन बिल के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया है। पार्टी के इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
वहीं, स्टालिन ने बिल का समर्थन करने के पीछे पार्टी की दो प्रमुख मांगों का हवाला दिया है। उनके मुताबिक, केंद्र सरकार ने इन दोनों मांगों को लिखित रूप में स्वीकार किया है। पहली मांग यह है कि लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी के बावजूद तमिलनाडु की कुल सीटों में हिस्सेदारी 7.18 प्रतिशत बनी रहनी चाहिए। दूसरी मांग है कि राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व का मौजूदा संतुलन अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखा जाए। डीएमके का मानना है कि इन शर्तों को लिखित रूप में शामिल किए जाने के बाद ही उसने संशोधित बिल को समर्थन देने का फैसला किया है।
केंद्र सरकार के संशोधित प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में एक समान 50 प्रतिशत बढ़ोतरी करने की योजना है। इसका मकसद महिलाओं के लिए संसद और विधानसभाओं में एक-तिहाई आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है। प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा की निर्वाचित सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़कर करीब 815 हो जाएगी। इसमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रावधान है, जबकि उनके बीच मौजूदा हिस्सेदारी को मोटे तौर पर बरकरार रखने की बात कही गई है। साथ ही सीटों के नए बंटवारे और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक लागू रखने का प्रस्ताव है। केंद्र सरकार का कहना है कि इस बदलाव से महिला आरक्षण को लागू करने में मदद मिलेगी।
