पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की विधानसभा ने इस सप्ताह ईशनिंदा के लिए सजा सख्त करने की मांग वाला प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया। विपक्षी विधायक राणा औरंगजेब द्वारा पेश इस प्रस्ताव में पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 298-ए के तहत मौजूदा सजा को अपर्याप्त बताते हुए संघीय सरकार से इसे बढ़ाने की मांग की गई है। मानवाधिकार संगठनों ने इस प्रस्ताव की आलोचना की है और चेतावनी दी है कि इससे नागरिकों, विशेषकर ईसाई समुदाय के लोगों के खिलाफ झूठे आरोपों और हिंसा का खतरा बढ़ सकता है।
द क्रिश्चियन पोस्ट में प्रकाशित क्रिश्चियन डेली इंटरनेशनल-मार्निंग स्टार न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्ताव में पैगंबर मोहम्मद के परिवार और साथियों के खिलाफ कथित ईशनिंदा के लिए सख्त सजा की मांग की गई है। वर्तमान कानून के तहत पैगंबर के परिवार के सदस्यों, चार इस्लामी खलीफाओं और उनके साथियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने पर तीन साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2023 में संसद ने सजा को न्यूनतम 10 साल और अधिकतम आजीवन कारावास करने वाला विधेयक पारित किया था, लेकिन तत्कालीन राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने इस पर हस्ताक्षर नहीं किए थे।
एक ईसाई वकील ने कहा कि सरकार को सजा बढ़ाने के बजाय झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानून बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पांच वर्षों में दर्ज 333 ईशनिंदा मामलों में से अधिकांश मनगढ़ंत थे।
