पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी जनता की भागीदारी से अपना चुनावी संकल्पनामा तैयार कर रही है। रविवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और मैनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने इस प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, एचएस फुल्का, सांसद सतनाम संधू, सांसद राजेंद्र गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोरंजन कालिया, पूर्व विधायक अश्विनी सेखड़ी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश और परमपाल कौर सहित कमेटी के वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।

पार्टी गांव-गांव संकल्पनामा वैन भेजेगी और विभिन्न स्थानों पर सुझाव पेटियां लगाएगी। जनता से सुझाव लेने के लिए तीन मोबाइल नंबर और एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया है। नंबर 079-7194-3333 पर फोन करके लोग अपने सुझाव दे सकते हैं, जबकि 9913-002027 पर मिस्ड कॉल करने पर पार्टी के कॉल सेंटर से वापस फोन आएगा। व्हाट्सएप के लिए 75085-60065 नंबर जारी किया गया है। पार्टी ने एक क्यूआर कोड भी जारी किया है, जिसे स्कैन करके लोग सीधे सुझाव भेज सकते हैं। संकल्पनामा में जनता की जरूरतों, रोजगार, विकास, आर्थिक स्थिति और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा। पार्टी दिसंबर के मध्य तक घोषणा पत्र जारी कर सकती है और सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है, लेकिन पंजाब विकास की दौड़ में पिछड़कर 22वें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में पंजाब पर कर्ज दोगुना हो गया है और प्रदेश में नशे, गैंगस्टरवाद तथा भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि पंजाब के विकास और आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए राज्य में डबल इंजन सरकार की जरूरत है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता को सुविधाएं देना गलत नहीं है, लेकिन इन्हें जारी रखने के लिए सरकार के पास राजस्व जुटाने की क्षमता भी होनी चाहिए। पार्टी 22 राज्यों में सरकार चला रही है और वहां राजस्व के स्रोत तैयार किए गए हैं, जबकि पंजाब की मौजूदा सरकार राजस्व बढ़ाने में विफल रही है। आम आदमी पार्टी से तुलना के सवाल पर नेताओं ने कहा कि भाजपा के पास 22 राज्यों में सरकार चलाने का अनुभव है, जबकि आम आदमी पार्टी दिल्ली में सत्ता गंवाने के बाद पंजाब में भी सरकार चलाने में विफल रही है। उम्मीदवारों की सूची पर पूछे गए सवाल के जवाब में नेताओं ने कहा कि नाम उचित समय पर घोषित किए जाएंगे और फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान संकल्पनामा तैयार करने पर है।