कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के इस दावे पर विवाद बढ़ गया है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को उनके धर्म के आधार पर प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया। मसूद के इस बयान से उनकी ही पार्टी के नेता मुमताज पटेल ने दूरी बना ली है। पटेल ने कहा कि टीम इंडिया का चयन हमेशा खिलाड़ियों के फॉर्म और काबिलियत के आधार पर होता है, धर्म या पहचान के आधार पर नहीं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट जैसे खेल में धार्मिक बंटवारे के लिए कोई जगह नहीं है और टीम इंडिया की बात करते ही सबसे अहम भारत होता है। हालांकि, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोधी देश में सांप्रदायिक बंटवारे का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
इस मुद्दे पर एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सिराज की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि सिराज हैदराबाद के एक गरीब परिवार से आते हैं और ऑटो-रिक्शा चालक के बेटे हैं। कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने भारतीय टीम के लिए कई टेस्ट मैच खेले और 144 टेस्ट विकेट लिए हैं। ओवैसी ने कहा कि सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है और उन्हें किनारे करना आसान नहीं है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज का जिक्र करते हुए कहा कि सिराज ने सभी पांच मैच खेले और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। ओवैसी ने भरोसा जताया कि सिराज वापसी करेंगे और लंबे समय तक टीम के लिए खेलते रहेंगे।
गौरतलब है कि इमरान मसूद ने आरोप लगाया था कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद सिराज को टीम में जगह नहीं मिली और उनका नाम सिराज है, शायद इसीलिए उन्हें शामिल नहीं किया गया। उन्होंने अपनी बात के समर्थन में मोहम्मद शमी और सरफराज खान का भी जिक्र किया और कहा कि चयन का आधार सिर्फ प्रदर्शन होना चाहिए, यह मायने नहीं रखना चाहिए कि खिलाड़ी कहां से आता है।
