पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ राजनीतिक दल अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। कांग्रेस ने भी चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए नशा, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई को मुद्दा बनाया है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि राज्य में राजनीतिक स्थितियां काफी हद तक कांग्रेस के पक्ष में हैं, क्योंकि आम आदमी पार्टी के खिलाफ लोगों में नाराजगी है और अकाली दल का समर्थन भी लगातार घटा है। हालांकि, कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती वोट प्रतिशत बढ़ाने की है। प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 42 फीसदी वोट के साथ 92 सीट जीती थीं, जबकि कांग्रेस को 22 प्रतिशत वोट के साथ 18 सीट मिली थीं।
इस बीच कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने समिति के सदस्यों के नाम मंजूर किए हैं और समिति को तत्काल प्रभाव से काम शुरू करने का निर्देश दिया है। पूर्व मंत्री परगट सिंह को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में प्रताप सिंह बाजवा, अंबिका सोनी, राजिंदर कौर भट्टल, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, मनीष तिवारी, विजय इंदर सिंगला, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, शमशेर सिंह दुल्लो, सुखपाल सिंह खैरा और अमर सिंह सहित कुल 42 सदस्य हैं।
इसी बीच राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी भी चुनावी मोड में है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को कहा कि राज्य में आप सरकार के सत्ता में रहने तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, एक हजार रुपये मासिक आर्थिक सहायता, 10 लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त बिजली जैसी कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी। मान ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों को पंजाब की जनता ने कई अवसर दिए, लेकिन उनके शासनकाल में राज्य की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
